रूद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बीते दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित पत्र के मामले को गम्भीरता से लेते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।
गौरतलब हो कि इस प्रकरण को लेकर रविवार को विधायक शिव अरोरा और मेयर विकास शर्मा ने एसएसपी से फोन पर वार्ता कर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। बताया जा रहा है कि रुद्रपुर के एक स्कूल के बाहर कथित रूप से मिला यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था जिसमें एक छात्रा ने एक समुदाय की युवती और उसके परिजनों पर युवतियों की खरीद फरोख्त से जुड़े कथित रैकेट के संचालन का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि कथित पत्र में आरोप लगाया गया है कि कॉलेज और उसके आसपास पढ़ने वाली छात्राओं को बहला-फुसलाकर एक संगठित नेटवर्क के जरिये गलत गतिविधियों में धकेलने का प्रयास किया जाता है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि उन्हें जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न माध्यमों से वायरल हुए इस कथित पत्र की जानकारी मिली है।मामले की गम्भीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर दी गई है जो सभी पहलुओं की जांच कर रही है।