रुद्रपुर (उधम सिंह नगर): महानगर के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र ‘मटके वाली गली’ में चोरों के एक शातिर गिरोह ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए देर रात चार प्रतिष्ठित शोरूमों में धावा बोल दिया। चोरों ने कतार में स्थित रेड चीफ, स्पाईकर, ब्लैकबेरी और ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम से लाखों रुपये की नकदी और कीमती रेडीमेड कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह सनसनीखेज वारदात दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन नकाबपोश चोर शोरूम के भीतर वारदात को अंजाम देते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मटके वाली गली में एक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे तीन चोर इसी निर्माणाधीन भवन के रास्ते छत पर पहुंचे। चोरों ने सबसे पहले पड़ोस में स्थित रेड चीफ शोरूम के जीने (सीढ़ी) का दरवाजा तोड़ा और भीतर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने एक-एक कर आपस में सटे स्पाईकर शोरूम, ब्लैकबेरी शोरूम और ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम में प्रवेश कर सिलसिलेवार ढंग से चोरी की। सुबह जब शोरूम के कर्मचारी और मालिक दुकानें खोलने पहुंचे, तो अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।

शोरूम स्वामियों के अनुसार हुआ भारी नुकसान:

  • ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम: स्वामी आदित्य शर्मा के अनुसार, चोरों ने उनके यहां से करीब 5 लाख रुपये का कीमती सामान और स्टॉक चोरी कर लिया है।
  • ब्लैकबेरी शोरूम: संचालक अंकित नरूला ने बताया कि उनके शोरूम के गल्ले से करीब ढाई लाख रुपये की नकदी और कीमती कपड़े चोरी हुए हैं।
  • स्पाईकर शोरूम: मालिक मधुर मेंहदीरत्ता ने बताया कि चोर उनके प्रतिष्ठान से 48 हजार रुपये कैश, एक लैपटॉप और हजारों रुपये के रेडीमेड कपड़े ले उड़े।
  • रेड चीफ शोरूम: प्रबंधक भूपेंद्र के मुताबिक, चोर लगभग 10 हजार रुपये की नकदी और सामान ले गए हैं। कुल नुकसान का सटीक आकलन स्टॉक मिलान के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और समाजसेवी संजय ठुकराल सहित भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। शहर के मुख्य बाजार में हुई इस दुस्साहसिक चोरी को लेकर व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त पर गहरा रोष व्यक्त किया है। व्यापार मंडल ने पुलिस से मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने और चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi