शक्तिफार्म (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड के शक्तिफार्म क्षेत्र से मानवता और रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक अत्यंत घृणित घटना सामने आई है। यहाँ एक युवती के साथ पहले नौकरी दिलाने के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और जब उसने मदद के लिए अपने सगे मामा की ओर हाथ बढ़ाया, तो उसने भी भांजी की अस्मत तार-तार कर दी।


पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, क्षेत्र के ही एक युवक ने युवती को अपनी फर्म में अच्छी नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया था। आरोप है कि वह युवती को किच्छा और फिर रुद्रपुर के होटलों में ले गया, जहाँ डरा-धमकाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने शादी का झूठा झांसा देकर युवती को चुप रहने पर मजबूर किया और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा।


हताश होकर पीड़िता ने अपनी आपबीती अपने सगे मामा को सुनाई। उसे उम्मीद थी कि उसका मामा उसे इंसाफ दिलाएगा, लेकिन रिश्तों की मर्यादा को ताक पर रखते हुए मामा ने भी युवती की मजबूरी का फायदा उठाया। आरोप है कि मदद के नाम पर वह युवती को नैनीताल के एक होटल में ले गया और वहाँ उसके साथ बलात्कार किया।

मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी मामा और एक अन्य युवक के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *