मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार फिल्मों के साथ-साथ रियल एस्टेट निवेश से भी लगातार शानदार मुनाफा कमा रहे हैं। पिछले एक महीने के भीतर उन्होंने मुंबई में अपने चार लग्जरी फ्लैट बेचकर करोड़ों रुपये का लाभ अर्जित किया है।

ताजा सौदे में अक्षय कुमार ने 30 जून 2026 को मुंबई के मुलुंड वेस्ट स्थित एलबीएस रोड पर ओबेरॉय एनिग्मा प्रोजेक्ट के टावर-बी में स्थित अपने दो लग्जरी अपार्टमेंट बेच दिए। दोनों फ्लैट 18वीं मंजिल पर स्थित हैं और प्रत्येक का कारपेट एरिया 1,886 वर्ग फुट है। दोनों अपार्टमेंट 6.19 करोड़ रुपये प्रति फ्लैट के हिसाब से कुल 12.38 करोड़ रुपये में बेचे गए। इन फ्लैटों के साथ तीन-तीन कार पार्किंग की सुविधा भी शामिल रही। इस सौदे पर 74.28 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी अदा की गई।

अक्षय कुमार ने ये दोनों फ्लैट वर्ष 2017 में करीब 9 करोड़ रुपये में खरीदे थे। लगभग नौ साल बाद इन्हें 12.38 करोड़ रुपये में बेचकर उन्होंने करीब 3.3 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया।

इससे पहले जून 2026 में अभिनेता ने मुंबई के बोरीवली ईस्ट स्थित ओबेरॉय स्काई सिटी में अपने दो अपार्टमेंट भी बेचे थे। इनमें एक फ्लैट 5.75 करोड़ रुपये और दूसरा 1.35 करोड़ रुपये में बिका। दोनों फ्लैटों की कुल बिक्री 7.10 करोड़ रुपये में हुई। इन संपत्तियों को भी उन्होंने वर्ष 2017 में करीब 3.68 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिनकी बिक्री पर उन्हें लगभग दोगुना रिटर्न मिला।

लगातार सफल प्रॉपर्टी निवेश और बेहतर रिटर्न के चलते अक्षय कुमार को बॉलीवुड के समझदार निवेशकों में भी गिना जाता है। मुंबई के प्रीमियम इलाकों में बढ़ती संपत्ति कीमतों के बीच उनकी हालिया डील्स एक बार फिर रियल एस्टेट निवेश के मजबूत रिटर्न का उदाहरण बनी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi