​पीलीभीत। जनपद में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस योजना के अंतर्गत अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच जन्मजात विकारों से जूझ रहे दर्जनों बच्चों का सफल और निःशुल्क उपचार कराया गया है। विशेष रूप से ‘स्माइल ट्रेन’ संस्था के सहयोग से सारस्वत हॉस्पिटल में होंठ और तालू कटे (क्लेफ्ट लिप एंड पैलेट) 36 बच्चों की सफल सर्जरी कर उन्हें नया जीवन दिया गया। इस अभियान के तहत दिल में छेद, बहरापन, न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट और क्लब फुट जैसी गंभीर बीमारियों का भी मुफ्त इलाज किया जा रहा है।
​अभियान की सफलता के उदाहरण ब्लॉक मरौरी के ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिले। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान ग्राम बस्थाना की वैष्णवी और ग्राम खाग की अनामिका जैसे बच्चों की पहचान की गई, जिनके होंठ जन्म से कटे हुए थे। मुख्य चिकित्साधिकारी और प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सहपाल के समन्वय से इन बच्चों की आगरा के सारस्वत हॉस्पिटल में निःशुल्क सर्जरी कराई गई। आरबीएसके की टीमों, जिनमें डॉ. दिनेश, डॉ. वर्षा, डॉ. खुशबू जमाल और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हैं, ने आंगनबाड़ी केंद्रों और गांवों में जाकर इन बच्चों को चिन्हित किया और उन्हें उपचार तक पहुँचाया।
​योजना के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में 11 बच्चों की हार्ट सर्जरी, 26 बच्चों का क्लब फुट उपचार और 8 बच्चों का मोतियाबिंद (कंजनाइटल कैट्रेक्ट) का ऑपरेशन सफल रहा है। कुल मिलाकर 4-डीएस श्रेणी की बीमारियों से ग्रसित लगभग 16,026 बच्चों को अब तक निःशुल्क उपचार का लाभ मिल चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि जन्मजात बीमारियों से ग्रसित किसी भी बच्चे के उपचार के लिए डी.ई.सी. प्रबंधक मोहम्मद जुबैर से मोबाइल नंबर 7536844761 पर संपर्क किया जा सकता है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *