पीलीभीत। जनपद के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो मेधावी छात्रों को शासन की ओर से बेंगलुरु के शैक्षिक भ्रमण पर भेजा गया है। इस उपलब्धि से न केवल बच्चों के परिवारों में बल्कि पूरे शिक्षा विभाग में हर्ष का माहौल है।
होनहारों ने जिले में पाया था सर्वोच्च स्थान
ललौरीखेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल बरहा के छात्र रितिक और बिलसंडा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल नौगवां संतोष की छात्रा प्रशा ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इन दोनों विजेताओं को अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) जैसे प्रतिष्ठित संस्थान और बेंगलुरु के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को देखने का अवसर मिल रहा है।
पहली बार हवाई सफर और वैज्ञानिक एक्स्पोज़र
शिक्षक संतोष कुमार खरे के मार्गदर्शन में दोनों छात्र 24 मार्च को इंडिगो की फ्लाइट से बेंगलुरु के लिए रवाना हुए। शासन की ओर से यह पहली बार है जब बेसिक शिक्षा के बच्चों को इस स्तर का अंतरराष्ट्रीय मानक वाला शैक्षिक भ्रमण कराया जा रहा है। शिक्षक संतोष खरे ने इस पहल के लिए भारत और प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे दौरों से बच्चों को कुछ नया सीखने और बड़े सपने देखने की प्रेरणा मिलती है।
अधिकारियों ने दी बधाई
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने रितिक, प्रशा और उनके शिक्षकों को इस बड़ी सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से सरकारी स्कूलों के प्रति जनमानस का विश्वास और बढ़ेगा। ग्रामीण अंचल के बच्चों का हवाई जहाज से सफर कर इसरो जैसे संस्थान पहुंचना जनपद के लिए गर्व की बात है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)