पीलीभीत। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, पीलीभीत में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए धन्वंतरि वाटिका में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के उप-प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह के नेतृत्व में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर संकाय सदस्य डॉ. मानसी सिंह, डॉ. परीक्षित सिंह, डॉ. फरीद तथा डॉ. आनंद स्वरूप ने सक्रिय सहभागिता करते हुए समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में चिकित्सा महाविद्यालय के स्टाफ ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें मुख्य रूप से कर्मचारी मनोज कुमार यादव, भारत वीर, नरेश, श्रीमती मंजू, पूनम, कंचन एवं पायल सहित सुरक्षा प्रभारी श्री वीरपाल सिंह तथा उद्यान विभाग से विकास एवं अरविंद ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का सामूहिक संकल्प लिया।
उप-प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह ने पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी जीवनदायी और अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी से अधिकाधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। डॉ. सिंह ने ज़ोर देकर कहा कि चिकित्सा संस्थानों की जिम्मेदारी केवल रोगों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि एक स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में भी अपना सक्रिय योगदान देना है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने 5 जून से शुरू होकर 21 जून तक चलने वाले इस विशेष पर्यावरण अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए चिकित्सा महाविद्यालय के सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं