— राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के जिला टॉपर को इसरो भ्रमण के लिए किया सम्मानित


​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने विकासखंड ललौरीखेड़ा के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय बरहा में आयोजित चौपाल एवं विकास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में खेल के मैदान तथा ‘विज्ञान पार्क’ भूमि का भव्य उद्घाटन किया। आमजन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान पार्क एक अनूठा प्रोजेक्ट है, जो स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं— जैसे किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आदि की विस्तृत जानकारी दी और पात्रों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


​चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास के लिए राज्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं। ग्रामीणों द्वारा गांव में बारात घर निर्माण की मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मा0 मंत्री ने मौके पर मौजूद तहसीलदार को तत्काल भूमि का चिन्हांकन कर आवंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि भूमि चिन्हित होते ही जल्द बारात घर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा, ग्रामीणों ने आसाम रोड से रेलवे फाटक तक की जर्जर सड़क के नवनिर्माण की मांग की, जिस पर राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को इस मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


​इस दौरान विद्यालय परिसर में एक विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, ब्लॉक प्रमुख ललौरीखेड़ा अजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने परिसर में पौधे रोपे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए राज्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय और स्कूली बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अनिवार्य रूप से पौधरोपण करने की भावुक अपील की।


​कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान रहा। राज्यमंत्री ने बरहा की एक होनहार बालिका को नवोदय विद्यालय में चयन होने पर शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित परीक्षा में जनपद के जिला टॉपर छात्र को हवाई जहाज से ‘इसरो’ बेंगलुरु की यात्रा का अवसर मिलने पर विशेष शील्ड देकर प्रोत्साहित किया गया। यातायात सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय के तीन छात्रों को चेक सौंपकर पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही, क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधान व सचिव को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक, उपायुक्त स्वतः रोजगार, तहसीलदार सदर, खंड विकास अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *