पीलीभीत। गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में शुक्रवार को ग्राम रम्पुरा में विशेष जल संरक्षण जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जल की महत्ता और भविष्य के लिए इसके संचयन के प्रति सचेत करना था।
अभियान का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि जल ही जीवन का मूल आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक जल बचाने का संदेश पहुँचाएं, क्योंकि जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित ने वर्तमान समय में गहराते जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर दुष्परिणाम झेलने होंगे।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मृदुला शर्मा ने बताया कि एनएसएस के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी प्रशिक्षित किया जाता है। कार्यक्रम के अगले चरण में छात्र-छात्राओं ने ग्राम रम्पुरा में जागरूकता रैली निकाली और “जल है तो कल है” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क किया और उन्हें दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने के व्यावहारिक तरीके समझाए।
