नई दिल्ली। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तीसरे विश्व रक्षा प्रदर्शनी में हिस्सा लेगें। इसमें 700 से अधिक प्रदर्शकों ओर 400 आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों के भाग लेने की उम्मीद हें। संजय सेठ 8 और 9 फरवरी तक सऊदी अरब में होने वाली इस प्रदर्शनी में भाग लेगें और एक उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा उत्पादन विभाग और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

इस आयोजन में रक्षा राज्य मंत्री 400 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले पहले भारतीय पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। यह पवेलियन रक्षा विनिर्माण और प्रौद्योगिकी में भारत की बढ़ती स्वदेशी क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा। इसमें आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (एवीएनएल), एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (एडब्ल्यूईआईएल), मुनिशन्स इंडिया लिमिटेड (एमआईएल), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल), भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) और यंत्र इंडिया लिमिटेड (वाईआईएल) जैसे देश के सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख रक्षा उद्यम शामिल होंगे जो टैंक, तोप प्रणाली, मिसाइल, गोला-बारूद व रडार सहित अपने अन्य उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।

विश्व रक्षा प्रदर्शनी 2026 के अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री और सऊदी अरब के उनके समकक्ष के बीच एक द्विपक्षीय बैठक की संभावना है। इसके अतिरिक्त, रक्षा राज्य मंत्री दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ाने के लिए सऊदी अरब के प्रमुख उद्योग निकायों के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करेंगे।

विश्व रक्षा प्रदर्शनी सऊदी अरब द्वारा आयोजित एक द्विवार्षिक अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनी है। भारतीय रक्षा उद्योग के लिए इसका रणनीतिक महत्व काफी ज्यादा है क्योंकि यह न केवल भारत की स्वदेशीकरण पहलों, उन्नत तकनीकों और विनिर्माण क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि वैश्विक रक्षा तंत्र में अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने के लिए भी एक अहम मंच के रूप में कार्य करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *