पीलीभीत। शासकीय कार्यालयों में कार्य संस्कृति में सुधार लाने और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र ने बृहस्पतिवार प्रातः 10:15 बजे विकास भवन का औचक निरीक्षण किया। अपने निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन परिसर में संचालित जिला पंचायत राज कार्यालय, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सहायक निदेशक निबंधक सहकारी समितियां, जिला विकास अधिकारी तथा उपायुक्त श्रम-रोजगार सहित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का जायजा लिया। औचक निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक लता कुमारी, यू.पी.नेडा कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अमित कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय के वरिष्ठ सहायक नदीम अहमद तथा प्रोबेशन कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुमित कुमार बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। चार कर्मचारियों के गैरहाजिर मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को अनुपस्थित कर्मियों से तत्काल स्पष्टीकरण मांगने तथा उनकी अनुपस्थिति अवधि का वेतन रोकने के कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने कार्यालयों की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए अलमारियों के ऊपर बिखरी पड़ी फाइलों व अभिलेखों को अलमारियों के अंदर सुव्यवस्थित रखने, पुराने अप्रचलित रिकॉर्ड की वीडिंग कराने तथा प्रत्येक अलमारी के ऊपर संबंधित पटल सहायक की पदनाम स्लिप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यालयों में नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए भी निर्देशित किया।