रुद्रपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों का पालन करते हुए जनपद उधमसिंह नगर में गेहूं खरीद प्रक्रिया को किसानों के लिए अधिक सुलभ बनाया जा रहा है। शुक्रवार को जिला सभागार में अपर जिलाधिकारी (ADM) पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मंडी परिसरों से 8 किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित क्रय केंद्रों को अब ग्रामीण क्षेत्रों में ही स्थापित किया जाएगा।

48 घंटे में शिफ्ट होंगे केंद्र:
एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि जनपद में गेहूं खरीद सत्र 2026-27 के लिए कुल 108 केंद्र प्रस्तावित थे, जिन्हें पहले मंडी परिसरों में स्थापित किया गया था। लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में, खाद्य विभाग के 18 केंद्रों को छोड़कर शेष 90 केंद्रों में से जो भी मंडी से 8 किमी से ज्यादा दूर हैं, उन्हें आगामी 48 घंटों के भीतर संबंधित गांवों में शिफ्ट करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

किसानों के अनुरोध पर सीएम का एक्शन:
बैठक में जानकारी दी गई कि पिछले तीन वर्षों से गेहूं खरीद की चुनौतियों और किसानों को उचित समर्थन मूल्य (MSP) दिलाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। कतिपय किसानों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्रय केंद्रों को गांवों में खोलने का अनुरोध किया था, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सीएम ने प्रशासन को ये निर्देश जारी किए।

बैठक में ये रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण बैठक में संभागीय विपणन अधिकारी (कुमाऊं संभाग), मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। प्रशासन के इस फैसले से किसानों में खुशी की लहर है क्योंकि अब उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए दूर मंडियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।


(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi