पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को थाना माधौटांडा में ‘थाना समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद और आपसी झगड़ों से संबंधित शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में विवादों का स्थाई समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिले।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी न होकर गुणवत्तापरक होना चाहिए, ताकि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने भी कानून व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी शिकायतों का संज्ञान लिया। कार्यक्रम में थानाध्यक्ष, क्षेत्र के लेखपाल और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)