वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से आस्था को ठेस पहुँचाने वाली एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। यहाँ के एक प्रसिद्ध मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरों ने माता की प्रतिमा पर लगा सोने का बेशकीमती मुखौटा उड़ा दिया है। इस चोरी की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। उत्तेजित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

प्रतिमा से सोने का मुखौटा ले उड़े चोर
यह पूरा मामला वाराणसी के जक्खिनी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मरूई गांव का है। जानकारी के अनुसार, मरूई गांव में स्थित मां दुर्गा के प्राचीन मंदिर में रोज की तरह श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान देखा गया कि मंदिर के गर्भगृह में स्थापित मां दुर्गा की मुख्य प्रतिमा से सोने का मुखौटा गायब है। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से मंदिर में प्रवेश कर इस वारदात को अंजाम दिया और माता के मुखौटे पर हाथ साफ कर दिया।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस प्रशासन मुस्तैद
धार्मिक स्थल पर हुई इस दुस्साहसिक चोरी की जानकारी मिलते ही पूरे मरूई गांव के लोग मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे भगवान के घर को भी नहीं बख्श रहे हैं। घटना की सूचना पाकर जक्खिनी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi