कानपुर देहात। देवराहट क्षेत्र स्थित हरिधाम आश्रम से जुड़े स्वयंभू ‘बोतल बाबा’ उर्फ हरिओम महाराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ उसके गुर्गे दीपक यादव को भी दबोचा गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और महिला से छेड़छाड़ सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। घटना के बाद से बोतल बाबा फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
आरोप है कि हरिओम महाराज बोतल में फूंक मारकर लोगों का इलाज करने का दावा करता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।