पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव गोवल पतीपुरा में भूमि विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल युवक रवि प्रकाश की उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को बरेली के निजी अस्पताल में दम तोड़ने के बाद बुधवार सुबह परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने रवि प्रकाश के शव को बरेली-बीसलपुर हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही एसडीएम नागेंद्र पांडेय, सीओ प्रगति चौहान और कोतवाल संजीव शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खोला जा सका। परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शाम तक हत्याभियुक्त सलाखों के पीछे नहीं हुए, तो वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
​घटनाक्रम के अनुसार, विवाद की जड़ पूर्व प्रधान स्वर्गीय राम सिंह यादव की 10 बीघा जमीन है। राम सिंह की कोई पुत्र संतान नहीं होने के कारण उन्होंने अपनी जमीन बड़ी बेटी अनीता देवी के नाम कर दी थी, जिसे लेकर उनके भतीजे सत्यपाल यादव और मुरारी लाल का परिवार रंजिश रखने लगा। इसी विवाद में बीती 27 मार्च को जब रवि प्रकाश अपने पिता ओम शंकर और भाई बृजेश के साथ खेत में पानी लगा रहे थे, तभी विपक्षी मुनेंद्र पाल यादव ने अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर और धारदार हथियारों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में रवि प्रकाश के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें बरेली भर्ती कराया गया था। पांच दिनों तक चले संघर्ष के बाद आखिरकार युवक की मौत हो गई।


​युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में ढिलाई बरती, जिसके कारण मुख्य आरोपी अब तक फरार हैं। हाईवे पर प्रदर्शन के दौरान यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi