मझोला/पीलीभीत। मझोला स्थित राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के जनसहयोग कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी की चुनावी सफलताओं को लेकर हर्ष व्यक्त किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक विजय के साथ-साथ असम और पुडुचेरी में पुनः भाजपा सरकार बनने पर जमकर आतिशबाजी की और मिष्ठान्न वितरण किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से तमिलनाडु की तत्कालीन सरकार के पतन पर भी खुशी जाहिर की गई। राज्यमंत्री के जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि देश की संस्कृति और आस्थाओं पर प्रहार करने वालों के लिए राजनीति में अब कोई स्थान नहीं बचा है।
पूर्व चेयरमैन राम औतार अग्रवाल ने बंगाल के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वहां की जनता ने ‘बंगाली मानुष’ के दमन और घुसपैठ की राजनीति को नकार कर लोकतंत्र की जीत सुनिश्चित की है। उन्होंने इसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि बताया। वहीं, पूर्व चेयरमैन अजय गोयल ने जोर देकर कहा कि यह परिणाम भाजपा की राष्ट्रवाद और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की नीति के प्रति देश के अटूट समर्थन को दर्शाता है। इंजीनियर अजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में जनता के विश्वास को इस जीत का मुख्य आधार बताया। इस विजय उत्सव के दौरान मनजिंदर सिंह, हरभजन सिंह, जीत सिंह, आशुतोष कुमार, हरिप्रसाद और हरपाल भारती सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।