​पीलीभीत। मंडी समिति स्थित कृषक भवन में भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान किसानों ने जनपद की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ गहरा रोश व्यक्त किया। पंचायत का संचालन जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्यारेलाल वर्मा ने किया। बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
​पंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि जनपद में गेहूं खरीद के लिए सरकारी क्रय केंद्र तो खोल दिए गए हैं, लेकिन वहां बारदाने की कमी और भुगतान की उचित व्यवस्था न होने से किसान दर-दर भटक रहा है। उन्होंने आवारा पशुओं, जंगली जानवरों और बाघों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने के साथ-साथ नहरों की सफाई कराकर अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग की। वहीं, मंडल उपाध्यक्ष नरेश मिश्रा ने बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की तकनीकी खराबी से उपभोक्ता त्रस्त हैं। उन्होंने अवैध बिजली कटौती पर रोक लगाने, 18 घंटे निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और फरियादियों की अनसुनी करने वाले भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
​वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल वर्मा ने उर्वरक विक्रेताओं की मनमानी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बाजार में किसानों को नकली दवाइयां ऊंचे दामों पर बेची जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल छापेमारी कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और समय से उर्वरक उपलब्ध कराने की अपील की। इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह विर्क, जिला महामंत्री नेमचंद वर्मा, तहसील अध्यक्ष रामशरण वर्मा, वीरपाल राजपूत, अशोक सक्सेना, और देवेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व महिलाएं उपस्थित रहीं।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *