पीलीभीत। छोटे बच्चों की असीमित क्षमता और आश्चर्यजनक प्रतिभा को चरितार्थ करते हुए प्रिपरेटरी स्कूल ‘बेन-हर किड्स वर्ल्ड’ द्वारा वार्षिक उत्सव ‘अभ्युदय – राइज़िंग विद वैल्यूज़’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पीलीभीत के अतिरिक्त जिलाधिकारी (वित्त) प्रसून द्विवेदी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल की संस्थापक प्रधानाचार्या रंजीत सैहमी मौजूद रहीं। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रशासक डॉ. परविंदर सिंह सैहमी, सह-प्रशासक गुरदित्त सिंह सैहमी और प्रधानाचार्या करिश्मा सैहमी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इससे पूर्व विद्यालय के हेड बॉय जसराज सिंह, हेड गर्ल सान्या पटेल और कल्चरल कैप्टन मुनज्ज़ा हबीब ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, वहीं रीना सक्सेना ने मुख्य अतिथि का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया।


​सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्लेग्रुप से लेकर किंडरगार्टन तक के 404 से अधिक बच्चों ने अपनी मोहक प्रस्तुतियों से अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘डिवोशन: श्री गणेश स्तुति’ से हुई, जिसके बाद ‘तारे ज़मीन पर’, ‘नटवरलाल’, ‘काइंडनेस एवरीडे’ और ‘आज उतरे हैं सितारे’ जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने करुणा, हास्य और आत्मविश्वास का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या करिश्मा सैहमी ने स्कूल रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि बेन-हर ग्रुप जनपद के शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और अनुशासन पर विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने विद्यालय की निरंतर उत्कृष्टता में सहयोग देने के लिए अभिभावकों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।


​कार्यक्रम के उत्तरार्ध में बच्चों ने अनुशासन, दृढ़ निश्चय और खुशियों के रंगों को मंच पर उतारा। जहाँ ‘सूरज सा जलना है’ और ‘जीतेगा इंडिया’ जैसी प्रस्तुतियों ने जोश भरा, वहीं ‘इंडियन प्राइड’, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम से प्रेरित ‘इंस्पिरेशन’ और ‘सम्राट अशोक’ की वीरता पर आधारित ‘वैलर’ ने दर्शकों को भारतीय गौरव से परिचित कराया। इसके साथ ही एकलव्य की निष्ठा पर आधारित ‘ग्रेटीट्यूड’, झांसी की रानी पर ‘लॉयल्टी’, महाराणा प्रताप पर ‘करेज’ और भगवान कृष्ण पर आधारित समापन प्रस्तुति ‘वेनरेशन: चक्रधारी’ ने संस्कारों की गहरी छाप छोड़ी। शिक्षिका रिदा के सफल संचालन और एक्टिविटी इंचार्ज रोशनी बग्गा के समन्वय में आयोजित इस समारोह में अंत में एक लकी ड्रा भी निकाला गया।
​मुख्य अतिथि श्री प्रसून द्विवेदी ने नन्हे बच्चों की कुशलता और शिक्षकों के समर्पण की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य को संवारने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या करिश्मा सैहमी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और नर्सरी इंचार्ज मोहिनी उपाध्याय ने सभी का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ इस गरिमामयी समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *