पीलीभीत। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान पुष्प इंस्टीट्यूट की एक होनहार छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा में सफलता हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा दिसंबर 2025 में आयोजित नेट परीक्षा के परिणामों में संस्थान की छात्रा अंजू देवी को गृहविज्ञान विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी के लिए योग्य घोषित किया गया है।
महाविद्यालय के निदेशक अनुज भटनागर ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि अंजू देवी वर्तमान में पुष्प इंस्टीट्यूट में ही एम.एससी. (गृहविज्ञान) तृतीय सेमेस्टर की छात्रा हैं। उन्होंने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय देते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा घोषित इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। अपनी इस उपलब्धि पर छात्रा अंजू देवी ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य जे.आर.एफ. (JRF) की परीक्षा उत्तीर्ण करना है, जिसके लिए वे अभी से कड़ी मेहनत कर रही हैं। उन्होंने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और महाविद्यालय के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है।
छात्रा की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय में उत्साह का माहौल है। संस्थान के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद सलीम और उप-प्राचार्या डॉ. गीतिका शुक्ला सहित समस्त प्रवक्ताओं ने अंजू देवी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। महाविद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया और कहा कि ऐसी सफलताएं अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।