बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)। बुलंदशहर पुलिस ने आज सुबह एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। खुर्जा के बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस का मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जीतू सैनी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह एनकाउंटर खुर्जा इलाके के ढाकर रोड (झाझर मार्ग) पर गुरुवार तड़के हुआ।

तड़के 5 बजे हुई मुठभेड़

पुलिस को सूचना मिली थी कि जीतू सैनी इलाके में किसी सुरक्षित ठिकाने की तलाश में घूम रहा है। पुलिस और एसटीएफ की टीम ने जब उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जिसमें जीतू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक भी घायल हुए हैं।

केक लगाने के विवाद में किया था ‘नरसंहार’

25 अप्रैल की रात खुर्जा के सुभाष रोड स्थित RJS फिटनेस जिम में जीतू सैनी अपना 30वां जन्मदिन मना रहा था। पार्टी के दौरान मज़ाक में चेहरे पर केक लगाने को लेकर जीतू और उसके दोस्तों के बीच विवाद हो गया। गुस्साए जीतू ने अपनी अवैध पिस्टल निकाली और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में भाजपा नेता संजय सैनी के परिवार के तीन सदस्यों— मनीष (30), अमरदीप (32) और आकाश (19) की मौत हो गई थी।

CCTV का DVR लेकर हुआ था फरार

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद जीतू सैनी सबूत मिटाने के लिए जिम में लगा सीसीटीवी का DVR (Digital Video Recorder) उखाड़कर अपने साथ ले गया था। पुलिस ने बाद में उसे बरामद किया था। जीतू सैनी बसपा का पूर्व नगर अध्यक्ष भी रह चुका था और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज थे।

इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात

एनकाउंटर के बाद खुर्जा इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भाजपा नेता के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से स्थानीय लोगों में काफी रोष था। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य मददगारों की तलाश कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *