पीलीभीत। पूरनपुर के प्राचीन बाबा त्रेतानाथ शिव मंदिर से पवित्र अमरनाथ बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का प्रथम जत्था श्रद्धा, उत्साह और “हर-हर महादेव” तथा “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोषों के बीच रवाना हुआ। विदाई के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के प्रति क्षेत्रवासियों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
यात्रा की शुरुआत में विधायक पुत्र ऋतुराज पासवान ने अपने कैंप कार्यालय पर सभी श्रद्धालुओं का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने बाबा बर्फानी से सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इसके पश्चात भारतीय जनता पार्टी, पीलीभीत के जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने जिला उपाध्यक्ष लेखराज भारती एवं अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर तथा भगवा पटका पहनाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी और अमरनाथ बर्फानी से सभी के सफल दर्शन एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।
इसी क्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी पंडित हरिदेव दीक्षित ने भी अपने आवास पर सभी श्रद्धालुओं का तिलक और भगवा पटका पहनाकर स्वागत किया तथा भोलेनाथ से सभी यात्रियों की यात्रा निर्विघ्न, सुरक्षित एवं सफल होने की कामना की। इस धार्मिक यात्रा दल में अजय दीक्षित, अनुज दीक्षित, अचलेन्द्र मिश्रा, अंकित दीक्षित, अनुराग दीक्षित, हरिओम अवस्थी, रोहित दीक्षित, विकास अवस्थी, रविश अवस्थी, हिमांशु मिश्रा, जीतू बाजपेई, शुभ दीक्षित, अनमोल दीक्षित, प्रवीण दीक्षित एवं वेदप्रकाश पाण्डेय सहित कुल 15 श्रद्धालु शामिल हैं। श्रद्धालुओं की रवानगी के समय पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो उठा और सभी ने देश, प्रदेश तथा समाज की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।