बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर मामले में नया मोड़ आ गया है। सरेआम बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या करने वाले हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने वरुण को पकड़ लिया था और उसकी जमकर पिटाई कर दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जानकारी के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने दिनदहाड़े बाप-बेटे को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। भीड़ ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उस पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए वरुण के पिता बाबूराम को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों की तलाश में जुटी है। इसके लिए 10 पुलिस टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।