पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अंतर्गत विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी रिजर्व का 12वाँ स्थापना दिवस मुस्तफाबाद वन विश्राम भवन परिसर में बेहद उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मौजूद रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति में प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा मुस्तफाबाद परिसर में नवनिर्मित सेल्फी पॉइंट के सामने केक काटकर स्थापना दिवस के कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस उत्सव के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी ने 9 जून 2014 को हुई पीलीभीत टाइगर रिजर्व की स्थापना से लेकर अब तक के सफर, वन्यजीव प्रबंधन और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में मुस्तैद सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर संरक्षण प्रयासों के चलते रिजर्व में बाघों की संख्या में लगातार शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही, यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता और बेहतर सुविधाओं के कारण प्रतिवर्ष आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी भारी इजाफा हुआ है।

समारोह में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव और प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह, प्रभागीय निदेशक वन वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय निदेशक भरत कुमार डीके के अलावा महोफ के क्षेत्रीय वनाधिकारी सहेन्द्र कुमार यादव, माला के क्षेत्रीय वनाधिकारी राबिन कुमार सिंह तथा विश्व प्रकृति निधि के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नरेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा वन्यजीवों और प्रकृति के प्रति समर्पित नेचर गाइड, सफारी वाहनों के चालक तथा भारी संख्या में आए देशी-विदेशी पर्यटक भी इस ऐतिहासिक दिन के साक्षी बने और कार्यक्रम को सफल बनाया।