​अमरिया। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ऑक्सीजन कंटेनर (टैंकर) से जा भिड़ी। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक मौके का फायदा उठाकर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
​मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात सितारगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार जब अमरिया कस्बे के रामलीला मैदान के पास पहुंची, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे आगे जा रहे ऑक्सीजन कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायल अभिषेक गुप्ता को बाहर निकाला। अभिषेक गुप्ता जनपद हरदोई के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कटिया के निवासी हैं और नैनीताल के एक होटल में कार्यरत हैं।
​घायल अभिषेक गुप्ता ने आपबीती बताते हुए कहा कि वह नैनीताल से बरेली जाने के लिए कार में सवार हुए थे। चालक के साथ ₹350 में बरेली तक का किराया तय हुआ था। सफर के दौरान कार की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण रामलीला मैदान के समीप यह हादसा हो गया। पुलिस अब फरार कार चालक की तलाश कर रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi