पीलीभीत। जनपद के बरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायन ठेर के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब बुधवार सुबह ग्रामीणों ने बीसलपुर ब्रांच नहर के बहते पानी में एक तेंदुए का शव उतराता हुआ देखा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। प्रभागीय निदेशक भारत कुमार डीके ने बताया कि विभाग को सुबह लगभग 8:40 बजे सूचना मिली थी कि मरौरी सेक्शन के तहत जार कल्लिया और नारायनठेर के बीच नहर की पुलिया में एक तेंदुए का सड़ा-गला शव फंसा हुआ है। वन विभाग के स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पानी से बाहर निकाला। प्रारंभिक निरीक्षण में तेंदुए के सभी बाहरी अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार की संभावना कम जान पड़ती है।
घटनास्थल की पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सीमा से हवाई दूरी लगभग 9.50 किलोमीटर मापी गई है। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही के लिए पीलीभीत रेंज कार्यालय लाया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के प्रोटोकॉल के तहत पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है। इस पैनल में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा नामित दो पशु चिकित्सकों के साथ ही टाइगर रिजर्व के डॉक्टर दक्ष गंगवार भी शामिल रहे। चिकित्सकों ने गहन जांच हेतु बिसरा सैंपल लेकर आई.वी.आर.आई. बरेली भेज दिया है। इस मामले में रेंज केस संख्या-17/2026-27 दर्ज कर ली गई है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत प्राकृतिक थी या आपसी संघर्ष का परिणाम।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)