​पीलीभीत। विश्व श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में बरखेड़ा स्थित बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड के चीनी मिल परिसर में दो-दिवसीय भव्य मेगा स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष ‘श्रमिक आरोग्य मेला’ का उद्घाटन चीनी मिल के यूनिट हेड जितेंद्र सिंह जादौन और डॉ. लोकेश गंगवार ने संयुक्त रूप से किया। दो दिनों तक चले इस शिविर के माध्यम से श्रमिकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य कल्याण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।
​शिविर के पहले दिन विशेषज्ञों द्वारा मुख्य रूप से नाक, कान, गला और नेत्र परीक्षण पर ध्यान केंद्रित किया गया। वहीं, दूसरे दिन जिलाधिकारी पीलीभीत के निर्देश पर जिला चिकित्सालय सहित आसपास के प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों की एक विशेष टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान मिल के कुल 231 अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं और मजदूरों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में ब्लड प्रेशर, पल्स, वजन की जांच के साथ-साथ एक्स-रे, ब्लड टेस्ट और टीकाकरण की सुविधा भी प्रदान की गई। जांच के उपरांत मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।


​चिकित्सा टीम का नेतृत्व सामान्य चिकित्सक डॉ. लोकेश गंगवार ने किया, जिसमें दंत चिकित्सक डॉ. विजय तिवारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रृंखला पांडे, नेत्र विशेषज्ञ शिवराम सहित संदीप गौतम, श्रद्धा पटेल, माया और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ शामिल रहा। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ इस शिविर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड जारी करना रही, ताकि उन्हें भविष्य में भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
​समापन अवसर पर यूनिट हेड जितेंद्र सिंह जादौन ने चिकित्सकों की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चीनी मिल प्रबंधन अपने कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह सजग है और भविष्य में भी इस प्रकार के लोक-कल्याणकारी आयोजन जारी रहेंगे। इस दौरान बजाज एनर्जी के अधिकारियों सहित चीनी मिल के सभी विभागाध्यक्ष और कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi