पीलीभीत। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को देश में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों, अवैध कब्जों और सुनियोजित षड्यंत्रों के विरुद्ध कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव के लिए उत्पन्न हो रही चुनौतियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में मुख्य रूप से लव जिहाद के बढ़ते मामलों, हिंदू कन्याओं के शारीरिक शोषण और धर्मांतरण जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है। कार्यकर्ताओं ने हाल ही में नासिक और दिल्ली जैसे शहरों में उजागर हुए प्रकरणों का हवाला देते हुए बताया कि किस प्रकार सुशिक्षित समाज और प्रतिष्ठित संस्थानों के आसपास जिहादी मानसिकता का जाल फैल रहा है। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक व वन भूमि पर अवैध ‘लैंड जिहाद’, खान-पान की वस्तुओं को अपवित्र करने की घटनाओं और मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में हिंदू परिवारों के उत्पीड़न पर भी आक्रोश व्यक्त किया गया।

विहिप और बजरंग दल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि राष्ट्र विरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जे हटाने, लव जिहाद व जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए कठोर केंद्रीय कानून बनाने और रेस्टोरेंट व कैफे में बंद केबिन हटाकर ओपन रेस्टोरेंट व्यवस्था लागू करने की मांग भी शामिल है। इस अवसर पर विहिप जिला मंत्री प्रवीण मोहन, जिला संयोजक परविंदर सिंह, जिला सह संयोजक नीलू पांडेय, शिवा गंगवार, शिव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)