रुद्रपुर। रुद्रपुर के परिवार न्यायालय परिसर में मंगलवार को पति-पत्नी के विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पहले पक्ष की ओर से सितारगंज क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर निवासी सुमन लता ने पंतनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सुमन लता का कहना है कि वह अपनी क्लाइंट राजवती के पारिवारिक वाद के सिलसिले में परिवार न्यायालय रुद्रपुर पहुंची थीं। आरोप है कि कोर्ट परिसर के बाहर नीतू गुप्ता और राजकुमार के बीच विवाद हो रहा था। जब उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो नीतू गुप्ता ने उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार आरोपित महिला ने उनके बाल खींचे और चरित्र पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। सुमन लता ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी, जिसकी शिकायत संख्या भी दर्ज है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से दूधिया नगर निवासी नीतू गुप्ता ने भी पुलिस को तहरीर देकर अपने पति राजकुमार, सुमन लता और एक अन्य महिला पर मारपीट का आरोप लगाया है। नीतू गुप्ता का कहना है कि उनका पारिवारिक और दीवानी मामला परिवार न्यायालय में चल रहा है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर के बाहर उनके पति और उनके साथ मौजूद महिला ने उन पर हमला कर दिया।
नीतू के मुताबिक, राजकुमार ने उनका गला दबाकर सिर दीवार में मारा, जबकि सुमन लता ने बाल पकड़कर मारपीट की और हाथ की उंगली दांत से काट ली। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर मौके पर पहुंचे वकीलों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। घटना में उनके सिर, हाथ और शरीर पर चोटें आई हैं, जिसके बाद जिला अस्पताल में उनका मेडिकल कराया गया।
दोनों पक्षों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।