प्रयागराज | प्रयागराज के गंगानगर (होलागढ़) थाना क्षेत्र में छात्र हिमांशु सरोज की बेरहमी से की गई हत्या के बाद आज पूरे इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव लेकर आरोपी के घर के बाहर प्रदर्शन किया, जिससे स्थिति अनियंत्रित हो गई। इस दौरान भारी पुलिस बल और परिजनों के बीच जमकर छीनाझपटी और धक्का-मुक्की हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

साहिल ने सीने में मारी थी गोली
पूरा मामला होलागढ़ थाना क्षेत्र का है, जहाँ आरोपी साहिल ने मामूली विवाद के बाद छात्र हिमांशु सरोज के सीने में सरेआम गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद से ही क्षेत्र में उबाल था। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही हिमांशु का शव परिजनों को सौंपा गया, माहौल गम और गुस्से में बदल गया।

आरोपी के घर के सामने अंतिम संस्कार की कोशिश
परिजनों का गुस्सा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया जब वे शव यात्रा लेकर सीधे आरोपी साहिल के घर की ओर कूच कर गए। परिजनों की मांग थी कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता और हत्यारे का घर जमींदोज नहीं होता, वे पीछे नहीं हटेंगे। जैसे ही शव यात्रा आरोपी के दरवाजे पर पहुंची, वहां तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

पुलिस और परिजनों के बीच खूनी संघर्ष जैसी स्थिति
शव को आगे ले जाने और पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश के दौरान दोनों पक्षों के बीच भीषण छीनाझपटी शुरू हो गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी और परिजन शव को अपने कब्जे में लेने के लिए आपस में संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया और किसी तरह स्थिति को बिगड़ने से बचाया।

पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मुख्य आरोपी साहिल के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पीएसी की टुकड़ियां भी अलर्ट पर हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *