पीलीभीत। स्थानीय प्रधान डाकघर में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को ‘पोस्ट फोरम’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में डाक विभाग के अधिकारियों और फोरम के सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिसमें डाक सेवाओं को बेहतर बनाने और उपभोक्ताओं को होने वाली समस्याओं के समाधान हेतु विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पोस्टमास्टर नरेश कुमार, लक्ष्मण सिंह, फिलेटलिस्ट रमाकांत शर्मा, विक्रम सेन सक्सेना, डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री, हर्षल सिंह और तेजभान मौर्य जैसे गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

​बैठक के दौरान सदस्यों ने डाक सेवाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। फिलेटली विभाग से संबंधित चर्चा में मांग की गई कि टिकटों के माध्यम से बुक किए गए आर्टिकल पर डाक टिकटों की ‘डिफेसिंग’ (निरस्तीकरण) मानक प्रक्रिया के अनुसार की जाए। साथ ही, पिछले कई वर्षों से रिक्त पड़े जनसंपर्क निरीक्षक के पद को शीघ्र भरने की मांग उठाई गई, ताकि डाक वितरण और जन-सामान्य की शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो सके। सदस्यों ने इस बात पर भी जोर दिया कि केवीपी,एनएससी और अन्य नॉन-माइट कार्यों का निपटारा मंडल स्तर पर लंबित रहने के कारण उपभोक्ताओं को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

​इसके अतिरिक्त, बैठक में बुनियादी सुविधाओं और भवन की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने डाकघर में जनता और कर्मचारियों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर व कुर्सियों की व्यवस्था करने तथा मुख्य सड़क पर डाकघर का डिस्प्ले बोर्ड लगाने का सुझाव दिया ताकि लोगों को कार्यालय ढूंढने में आसानी हो। बैठक में खकरा उपडाकघर के जर्जर भवन का मुद्दा भी उठा, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई। साथ ही, पीलीभीत सिटी उपडाकघर में आईपीएपबी काउंटर शुरू करने और डाक सहायक की आईडी बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *