पूरनपुर PILIBHIT। क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश ग्रामीण इलाकों के लिए आफत बनकर बरस रही है। बारिश के पानी से मिट्टी की दीवारें सीलन की वजह से कमजोर हो रही हैं, जिससे कच्चे और जर्जर मकान ढहने लगे हैं। ग्राम पंचायत अमरैया कलां में शनिवार को भारी बारिश के कारण शिवलाल पुत्र मंगली का खपड़ैल मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया। मलबे के नीचे दबने से चारपाई, राशन और चूल्हे समेत गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त परिवार के ज्यादातर लोग बाहर थे और गृहस्वामी को आई मामूली चोटों के अलावा एक बड़ी जनहानि टल गई। घटना की सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल वीर बहादुर ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया।
इसी क्रम में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने ग्रामीणों की दुश्वारियां और बढ़ा दीं, जब अलग-अलग गांवों में दो और आवासीय मकान भरभराकर गिर पड़े। ग्राम खांडेपुर के मजरा केसरपुर कला निवासी सत्यपाल पुत्र नंदराम के मिट्टी के मकान की दीवार ढह गई, तो वहीं ग्राम सुअबोझ में सुरेश पुत्र तुलसीराम का खपरैल-पोश घर अचानक जमींदोज हो गया। अचानक दीवारें गिरने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में किसी भी ग्रामीण या मवेशी को नुकसान नहीं पहुंचा। हादसों की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी पूरनपुर मयंक गोस्वामी और तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता तुरंत विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित स्थानों का निरीक्षण कर पीड़ितों को नियमानुसार जल्द से जल्द मुआयजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि बेघर हुए परिवारों को तुरंत राहत मिल सके।
पूरनपुर में बारिश का कहर: कहीं आशियाना ढहा तो कहीं गिरीं दीवारें; प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा