रुद्रपुर/पुलभट्टा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा द्वारा अपराधियों और वांछितों के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत पुलभट्टा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बरा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात में शामिल शातिर लुटेरे अबरार को अवैध तमंचे और लूटी गई नकदी व जेवरात के साथ गिरफ्तार कर लिया है,अबरार बरेली और पीलीभीत क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रहा है और लम्बे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के आदेश पर एसपी अपराध, एसपी सिटी रुद्रपुर और क्षेत्रधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में पुलभट्टा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। 1 फरवरी 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि बरा लूट कांड का आरोपी अबरार बहेड़ी-किच्छा रोड पर देखा गया है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और अभियुक्त अबरार पुत्र अहमद हुसैन, निवासी लोहारनगर, थाना फतेहगंज पश्चिमी (बरेली) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और लूट का माल बरामद हुआ। पुलिस की कड़ी पूछताछ में अबरार ने कई बड़े खुलासे करते हुये बताया कि 21 और 22 जनवरी 2026 की दरमियानी रात उसने अपने भाई इस्लाम और साथी शकील के साथ मिलकर ग्राम बरा में एक घर में घुसकर तमंचे के बल पर 87,000 रुपये नकद, भारी मात्र में ज्वेलरी और दो मोबाइल फोन लूटे थे। वारदात को अंजाम देकर भागते समय इन बदमाशों ने ग्राम बरी से एक एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल यूके 06बीबी -0874 भी चोरी की थी। लूट के माल के बंटवारे में अबरार के हिस्से में 25,000 रुपये नकद, कान के कुंडल और एक ओम लिखा हुआ लॉकेट आया था,बताया कि शेष नकदी,ज्वेलरी और चोरी की बाइक उसके फरार साथी शकील के पास है।पुलिस ने अबरार के पास से 20,000 रुपये की नकदी (5,000 उसने खर्च कर दिए थे),एक जोड़ी पीली धातु के कान के कुंडल,पीली धातु का ‘ओम’ लिखा लॉकेट और हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस अबरार के भाई इस्लाम को पहले ही जेल भेज चुकी है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक दिनेश चंद भट्ट, अपर उपनिरीक्षक प्रकाश चंद, प्रताप सुयाल, कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह और अनिल कुमार शामिल रहे। एसएसपी ने टीम की पीठ थपथपाते हुए फरार आरोपी शकील की गिरफ्तारी के लिए भी सख्त निर्देश दि हैं।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *