पुरोला। प्रखंड पुरोला के कुमोला-पूजेली थान सहित शिकारू नाग महाराज के दणमाणा और चंदेली में आयोजित जागड़ा पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। राजा रघुनाथ, मटिया महासू मंदिर और शिकारू नाग महाराज के जागरों में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसरों में रातभर आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा।

जागड़ा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने देवताओं के दर्शन कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। जैसे-जैसे रात बढ़ती गई, मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ती रही। जागरों के दौरान श्रद्धालु देवताओं के जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आए।

आयोजन के दौरान मंदिर परिसरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं के लिए आसपास के क्षेत्रों में विशेष भोजन भंडारों की व्यवस्था की गई थी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने रातभर जागरण में भाग लिया।

धार्मिक आयोजन के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक देव संस्कृति और लोक आस्था की जीवंत झलक देखने को मिली। इस अवसर पर क्षेत्र के सयाणे, बाजीर, पुजारी और हजारों स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi