पीलीभीत। जनपद के थाना माधौटांडा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुंवरपुर में पुरानी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। करीब तीन महीने पुराने एक मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक पक्ष द्वारा अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से की गई फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोगों और एक पड़ोसी किशोरी सहित कुल चार लोग छर्रे लगने से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया लाइसेंसी असलहा भी बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब तीन माह पूर्व कुंवरपुर निवासी बालकराम के घर के सामने दिनेश कुमार के भाई महेश द्वारा कपड़े सुखाने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी हुई थी। सोमवार सुबह करीब 08:30 बजे इसी पुरानी बात को लेकर बालकराम और दिनेश के पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि बालकराम पक्ष की ओर से लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से दो राउंड फायर झोंक दिए गए। फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से दिनेश कुमार (26 वर्ष), उनका 6 वर्षीय मासूम बेटा यश, पत्नी प्रीति (25 वर्ष) और पड़ोस में रहने वाली छत्रपाल की बेटी अंजलि (15 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माधौटांडा में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से पूरी तरह बाहर हैं। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना माधौटांडा पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और घटना में शामिल मुख्य आरोपी बालकराम तथा उसके दो बेटों— लालराम एवं सोमपाल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से वारदात में प्रयुक्त 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पीड़ित पक्ष से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।