पीलीभीत। वन एवं वन्यजीव प्रभाग की पीलीभीत रेंज टीम ने प्रतिबंधित वन उपज ‘कटरूआ’ की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 11:00 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग की गठित टीम ने रेलवे स्टेशन चौराहे के पास छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से कटरूआ बेच रहे चार अभियुक्तों—आदित्य सक्सेना, जितेन्द्र व सतीश कुमार (तीनों निवासी बरहा, थाना सुनगढ़ी) तथा बब्लू मौर्या (निवासी मौ. छोटा खुदागंज, थाना कोतवाली)—को मौके से पकड़ लिया गया।
छापेमारी के दौरान वन टीम ने अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 8 किलोग्राम प्रतिबंधित कटरूआ और 8 अदद तराजू-बाट बरामद किए हैं। प्रभागीय निदेशक भरत कुमार डी.के. के अनुसार, हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों के खिलाफ पीलीभीत रेंज में केस संख्या-75/2026-27 दर्ज कर लिया गया है और उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित वन उपज की चोरी और अवैध खरीद-बिक्री में शामिल तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।