पीलीभीत। राष्ट्रीय जन जाग्रति मिशन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन पूनम अग्रवाल के सौजन्य से उनके व्यक्तिगत आवास पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस बैठक में मिशन की तमाम सक्रिय सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और संगठन की भविष्य की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी बहनों ने अपने-अपने विचार साझा किए, जिसमें सामाजिक जागरूकता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया।
बैठक का माहौल उस समय और भी आनंदमयी हो गया जब सदस्याओं ने विभिन्न प्रकार के मनोरंजक गेम्स खेले और सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति और उत्साह के इस संगम के बीच सभी उपस्थित महिलाओं ने पूनम अग्रवाल द्वारा तैयार किए गए लजीज व्यंजनों और पकवानों का स्वाद लिया। उनके द्वारा किए गए शानदार आतिथ्य की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर संगठन की ओर से एक महत्वपूर्ण मानवीय निर्णय भी लिया गया। सर्वसम्मति से यह तय हुआ कि मिशन की सदस्याएं अगले माह वृद्धाश्रम का दौरा करेंगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के साथ समय बिताना और उनकी समस्याओं को साझा कर उन्हें सहयोग प्रदान करना है।
इस गरिमामयी बैठक में मुख्य रूप से डॉ. मिथिलेश शर्मा, डॉ. अरुंधती दीक्षित, डॉ. रेनू सक्सेना, डॉ. नीरु सक्सेना, निशा सक्सेना, के. डी. सक्सेना, पूजा गुप्ता, ममता छाबड़ा, कुसुम वर्मा, प्रतिभा अग्निहोत्री, रेणुका अग्निहोत्री और पूनम अग्रवाल सहित कई अन्य सदस्याएं सम्मिलित रहीं।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )