पीलीभीत। आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफल बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद पीलीभीत में ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। शनिवार को पालिका परिसर में आयोजित एक विशेष सत्र के दौरान सभासदों और कर्मचारियों को स्व-गणना की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया। 7 मई से शुरू हुआ यह विशेष अभियान आगामी 21 मई तक संचालित किया जाएगा, जिसमें नगरवासी स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना के फील्ड ट्रेनर राकेश मित्तल और गुलशन ने उपस्थित लोगों को डिजिटल माध्यम से गणना करने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के समावेश से जनगणना का कार्य अब अधिक सटीक और सरल हो गया है। प्रशिक्षण के दौरान कई सभासदों और कर्मचारियों ने न केवल प्रक्रिया को समझा, बल्कि स्वयं अपनी स्व-गणना कर इसका सफल अभ्यास भी किया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार ने इस अवसर पर शहरवासियों से अपील की कि वे इस डिजिटल अभियान का हिस्सा बनें और अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही जनगणना 2027 का कार्य समयबद्ध और सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगा। जागरूकता बढ़ाने के लिए पालिका परिसर में एक विशेष ‘सेल्फी पॉइंट’ भी बनाया गया है, जहां स्व-गणना पूरी करने वाले लोग सेल्फी लेकर इस अभियान के प्रति अपना समर्थन दिखा रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य रूप से सभासद साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, राशिद हुसैन, शिवम श्रीवास्तव, सुरेश लोधी, और मोनू मिश्रा सहित पालिका के अनेक कर्मचारी व जागरूक नगरवासी उपस्थित रहे। प्रशासन को उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण के बाद सभासद अपने-अपने वार्डों में जाकर जनता को इस अभियान से जोड़ेंगे, जिससे शहर की वास्तविक और सटीक गणना सुनिश्चित हो सके।