​पीलीभीत। शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली पीलीभीत की अनुभवी शिक्षिका एवं एजुकेटर नेहा पंत जोशी को दिल्ली में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में ‘सावित्रीबाई फुले टीचर एप्रिसिएशन अवार्ड’ (सावित्रीबाई फुले शिक्षक सम्मान) से सम्मानित किया गया है। दिल्ली के आईटीओ स्थित परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन ‘भारत एजुकेशन फोरम’ एवं ‘अपना विद्यालय एनजीओ’ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए संस्थाओं द्वारा देश भर से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, थियेटर इन एजुकेशन और उत्कृष्ट योगदान देने वाले कुछ बेहद चुनिंदा शिक्षकों का चयन किया गया था, जिनमें नेहा पंत जोशी ने अपनी प्रतिभा के दम पर यह स्थान हासिल किया।
​नेहा पंत जोशी पिछले लगभग 15 वर्षों से शिक्षा, प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) और लाइफ स्किल्स कोच के रूप में देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने बच्चों, शिक्षकों और विद्यालयों के संपूर्ण विकास के साथ-साथ ‘थियेटर इन एजुकेशन’ (शिक्षा में रंगमंच का उपयोग) के माध्यम से शिक्षण को बेहद सुगम और प्रभावी बनाने का सराहनीय प्रयास किया है। अपने लंबे पेशेवर अनुभव के दौरान उन्होंने दिल्ली-एनसीआर, पुणे और बेंगलुरु जैसे बड़े महानगरों में कॉपोरेट सेक्टर के साथ भी अपनी सेवाएं दी हैं। मूल रूप से पीलीभीत के मोहल्ला साहुकरा निवासी प्रमोद पंत एवं कुमकुम पंत की सुपुत्री नेहा पंत, वर्तमान में दिल्ली में कंसल्टेंसी रिसर्च हेड के पद पर कार्यरत मलय जोशी की धर्मपत्नी हैं और वर्तमान में पीलीभीत व दिल्ली के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के साथ शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण परियोजनाओं पर निरंतर कार्य कर रही हैं।
​डिजिटल क्रांति के इस दौर में नेहा पंत जोशी सोशल मीडिया व इंटरनेट पर “कोच मम्मा ” के नाम से बेहद लोकप्रिय हैं। इस मंच के माध्यम से वे शिक्षकों, अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं के मानसिक, भावनात्मक और सर्वांगीण विकास से जुड़े गंभीर व समसामयिक विषयों पर मार्गदर्शन देती हैं। इसके साथ ही, वे देश की प्रतिष्ठित सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था ‘संस्कार भारती’ से भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं और समाज के उत्थान तथा भारतीय मूल्यों के संवर्धन में अपना योगदान दे रही हैं। दिल्ली में मिले इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान के बाद जनपद के शिक्षा जगत, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi