​पीलीभीत। जनपद के एक छोटे से गांव दियोरी की प्रतिभावान खिलाड़ी दिव्या भारती का चयन सब-जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दिव्या अब मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में आयोजित होने वाली ‘सब-जूनियर इंडिया नेशनल चैंपियनशिप’ में मैदान पर उतरकर अपने खेल का प्रदर्शन करेगी। हाल ही में रितु रानी हॉकी अकादमी द्वारा आयोजित ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन के बल पर उसने 18 सदस्यीय सब-जूनियर महिला हॉकी टीम में अपना स्थान पक्का किया है।


​रितु रानी हॉकी अकादमी (पटियाला, पंजाब) के प्रबंधन व मुख्य प्रतिनिधि हर्ष शर्मा द्वारा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए आधिकारिक टीम की सूची जारी की गई है। घोषित टीम में हिमांशी (किट नं. 1) और दिव्या (किट नं. 18) को गोलकीपर के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम में शामिल अन्य खिलाड़ियों में रीना रानी (किट नं. 2), रितिका (किट नं. 4), कोमल (किट नं. 6), भूमिका (किट नं. 5), ज्योति (किट नं. 3), खुशी (किट नं. 8), दीक्षा (किट नं. 9), कनिष्का (किट नं. 7), सारिका (किट नं. 16), रवीना (किट नं. 13), सिमरन (किट नं. 12), सुखनूर कौर (किट नं. 10), प्रभजोत कौर (किट नं. 14), तन्वी (किट नं. 17), अमनप्रीत कौर (किट नं. 15) और दिव्या भारती (किट नं. 11) शामिल हैं।
दिव्या भारती दियोरी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्रा है। दिव्या के पिता मजदूरी करते हैं दिव्या को हॉकी का प्रशिक्षण विद्यालय के अनुदेशक जयप्रकाश ने दिया है।

​दिव्या भारती की इस उपलब्धि पर हॉकी पीलीभीत के संरक्षक अनिल महेंद्रु, डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री, अध्यक्ष प्रदीप खींची, सचिव जयप्रकाश बघेल तथा संयोजक दीपक सरकार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार गांधी स्टेडियम की हॉकी कोच प्रगति सिंह जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की है। खेल संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में दिव्या की भागीदारी पूरे पीलीभीत जनपद के लिए गर्व का विषय है। अकादमी प्रबंधन और स्थानीय खेल संघ ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि यह टीम अपनी उत्कृष्ट खेल भावना से क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi