पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित पाटलीपुत्र रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन में देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में छात्र रेल ट्रैक पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थी मद्य निषेध विभाग की परीक्षा देने जा रहे थे। ट्रेन के निर्धारित समय से देरी होने पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध के दौरान अभ्यर्थियों ने नारेबाजी की और रेलवे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

स्थिति तब बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और कथित तौर पर स्टेशन परिसर में पथराव व तोड़फोड़ की। इससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और रेल संचालन भी प्रभावित हुआ।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की और लाठी लेकर प्रदर्शनकारियों को ट्रैक से हटाया। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi