न्यूरिया PILIBHIT। पीलीभीत के थाना न्यूरिया पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान फरार हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दिनांक 24 अगस्त 2026 को पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में अभियुक्त जैनुल आबदीन को मौके से पकड़ लिया गया था, जबकि उसका साथी रमन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। इस घटना के संबंध में थाना न्यूरिया पर धारा 109 बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। फरार अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक पीलीभीत द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया था।
चोरी की घटनाओं के अनावरण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, न्यूरिया पुलिस टीम ने 27 अगस्त 2026 को सुबह करीब 06:30 बजे अभियुक्त रमन (निवासी रामपुर काजी, जनपद ऊधमसिंहनगर, उत्तराखण्ड) को मझौला से सितारगंज जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम (उ0नि0 अरविन्द कुमार, का0 कपिल और का0 चाहत) ने अभियुक्त के कब्जे से एक 12 बोर का अवैध तमंचा, 2 जिन्दा कारतूस और 140 ग्राम 930 मिलीग्राम चोरी के सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं।
बरामद अवैध असलहे के संबंध में अभियुक्त के खिलाफ थाना न्यूरिया पर मु0अ0सं0 251/26 धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त रमन के खिलाफ थाना न्यूरिया में चोरी और आर्म्स एक्ट के कुल 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है।