​पीलीभीत/गजरौला। जनपद के न्यूरिया कोतवाली क्षेत्र से बीते नौ दिनों से रहस्यमयी ढंग से लापता युवक का शव शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गेहूं के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय ललित कुमार के रूप में हुई है, जिसका शव बिठौरा खुर्द गांव के पास एक खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
​11 फरवरी से लापता था ललित
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उल्हैतापुर निवासी ललित कुमार पुत्र दुर्गाप्रसाद बीते 11 फरवरी को अपने घर से खेत देखने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर ललित की काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों के यहाँ भी पता लगाया, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। अंततः थक-हारकर पिता दुर्गाप्रसाद ने 14 फरवरी को न्यूरिया कोतवाली में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
खेत में काम करने गए किसानों ने देखा शव
​शुक्रवार सुबह जब बिठौरा खुर्द गांव के किसान खेतों पर काम करने पहुँचे, तो उन्होंने गेहूं की फसल के बीच एक युवक का शव पड़ा देखा। किसानों के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पहुँची पुलिस ने जब शिनाख्त की, तो मृतक की पहचान लापता ललित के रूप में हुई। युवक का शव मिलने की खबर जैसे ही उल्हैतापुर पहुँची, परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुँचे और बेटे की हालत देख बदहवास हो गए।
​जांच में जुटी पुलिस: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
​घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष सुभाष मावी ने बताया कि युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उन्होंने कहा कि शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, इसलिए वर्तमान में मौत के सटीक कारणों पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है—चाहे वह आपसी रंजिश हो, साजिश हो या आत्महत्यामौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *