प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पांच देशों के दौरे के तहत नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि वहां का उत्साह और अपनापन देखकर उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वे भारत के किसी उत्सव में शामिल हों।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नीदरलैंड मिलकर वैश्विक संकटों से निपटने के लिए भरोसेमंद, पारदर्शी और भविष्य के लिए तैयार सप्लाई चेन विकसित करने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय कोविड महामारी, वैश्विक संघर्षों और ऊर्जा संकट जैसी बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वैश्विक विकास प्रभावित होगा और बड़ी आबादी गरीबी की ओर बढ़ सकती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में भारत तकनीक और मानवीय मूल्यों के आधार पर अवसरों की धरती बनकर उभर रहा है। उन्होंने हेग को भारत-नीदरलैंड मित्रता का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि डच नेतृत्व हमेशा भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना करता रहा है।

उन्होंने कहा कि नीदरलैंड की अर्थव्यवस्था और समाज को मजबूत बनाने में प्रवासी भारतीयों की अहम भूमिका रही है, जिस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए।

अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी की मुलाकात रॉब जेटेन, विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से भी होनी है। इसके अलावा वे प्रमुख व्यापारिक नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे।

नीदरलैंड पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। डच विदेश मंत्री ने उनका स्वागत किया, जबकि भारतीय समुदाय और डच कलाकारों ने कथक, ओडिसी, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम और गरबा जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। पूरा कार्यक्रम स्थल “मोदी-मोदी” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *