सितारगंज। नयागांव में पीलिया और लीवर संबंधी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। शिविर में पीलिया के लक्षण वाले 50 लोगों के रक्त नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए, जबकि पांच मरीजों में बिलीरुबिन का स्तर अधिक मिलने पर उन्हें उप जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि रैपिड रिस्पांस टीम, चिकित्सा अधिकारियों, सीएचओ और लैब तकनीशियनों की संयुक्त टीम ने गांव में घर-घर सर्वे कर लोगों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया। शिविर में मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं।
जांच के दौरान पांच मरीजों में बिलीरुबिन का स्तर पांच मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर से अधिक पाया गया। इन मरीजों में पेट दर्द, उल्टी और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण मिलने पर उन्हें विशेषज्ञ उपचार और परामर्श के लिए उप जिला अस्पताल भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में सर्वे और सैंपलिंग अभियान जारी रखने की बात कही है।
पीलिया प्रभावित गांव में 10 हैंडपंप लगवाएंगे गंगवार
सितारगंज। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार ने रविवार को नयागांव पहुंचकर पीलिया से मृत 10 वर्षीय अल्तमश मलिक के परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य और पेयजल संबंधी समस्याओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की कमी की समस्या उठाई, जिस पर गंगवार ने अपने निजी संसाधनों से गांव में 10 हैंडपंप लगवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का अधिकार है और वर्तमान परिस्थितियों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हैंडपंप लगने से ग्रामीणों को स्वच्छ पानी मिलेगा और जलजनित बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने जल संस्थान और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश देने की मांग की।