नन्दानगर (चमोली)। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भोले-भाले ग्रामीणों को इनाम का लालच देकर गुमराह करने वाले बाहरी तत्वों के खिलाफ चमोली पुलिस ने अपना कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। जनपद के थाना नन्दानगर अंतर्गत पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए “कार्ड स्क्रैच करो और इनाम पाओ” का झांसा देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिना स्थानीय सत्यापन (Verification) के क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहे 07 बाहरी व्यक्तियों को पकड़कर उनके खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से नन्दानगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कुछ बाहरी व्यक्ति इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने के बहाने घूम रहे थे। ये लोग ग्रामीणों को आकर्षित करने के लिए “स्क्रैच कार्ड” का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसमें तरह-तरह के कीमती इनाम निकलने का झांसा देकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा था। स्थानीय स्तर पर संदिग्ध गतिविधि दिखने और पुलिस को इसकी भनक लगते ही थाना नन्दानगर पुलिस ने तुरंत चेकिंग अभियान चलाया।
बिना पुलिस वेरिफिकेशन के घूम रहे थे आरोपी
थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जब इन फेरी वालों और सेल्समैनों को रोककर पूछताछ की, तो वे उत्तराखंड सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा अनिवार्य किया गया स्थानीय सत्यापन (Police Verification) प्रमाण पत्र पेश नहीं कर पाए। बिना किसी वैध सत्यापन के सीमांत और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापार करना नियमों के खिलाफ है।
पुलिस एक्ट के तहत हुई चालानी कार्रवाई
नन्दानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी 7 बाहरी व्यक्तियों को हिरासत में लिया और पुलिस अधिनियम (उत्तराखंड पुलिस एक्ट) के तहत उनके भारी-भरकम कोर्ट चालान काटे। साथ ही पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि बिना उचित पुलिस वेरिफिकेशन के कोई भी बाहरी व्यक्ति क्षेत्र में व्यापार या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नहीं करेगा।
पुलिस की जनता से अपील: झांसे में न आएं
नन्दानगर पुलिस ने स्थानीय जनता और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे इस तरह के “स्क्रैच कार्ड और लॉटरी” जैसे प्रलोभनों और झांसों में न आएं। किसी भी बाहरी अनजान व्यक्ति को अपने घरों या गांवों में पनाह देने या उनसे सामान खरीदने से पहले उनका पुलिस सत्यापन जरूर जांच लें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय थाने या पुलिस के आपातकालीन नंबर पर दें।