अमरिया PILIBHIT। अमरिया तहसील क्षेत्र के नगरिया कॉलोनी के समीप उस समय हड़कंप मच गया जब खेत से लौट रहे एक किसान पर मगरमच्छ ने जानलेवा हमला कर दिया। देवहा नदी के नाले को पार करने के दौरान हुए इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
​मिली जानकारी के अनुसार, नगरिया कॉलोनी निवासी किसान प्रदीप मदक देवहा नदी के पास स्थित नाले को पैदल पार कर रहे थे। इसी दौरान नाले में छिपा बैठा एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक बाहर आया और उसने प्रदीप पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने किसान के एक पैर को अपने मजबूत जबड़ों में दबा लिया और उन्हें खींचते हुए गहरे पानी की ओर ले जाने की कोशिश करने लगा। अपनी जान खतरे में देख किसान ने हिम्मत जुटाकर जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया।
​किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने एकजुट होकर शोर मचाना शुरू किया और नाले के पानी पर डंडे पटके। भारी भीड़ और लगातार मचाए गए शोर से घबराकर मगरमच्छ किसान के पैर को छोड़कर नाले के गहरे पानी में ओझल हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान अवस्था में किसान को नाले से बाहर निकाला।
​घटना के तुरंत बाद परिजन घायल किसान प्रदीप को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमरिया लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि मगरमच्छ के दांत गड़ने से किसान का पैर बुरी तरह जख्मी हो गया है और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने किसान को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर दिया।
​इधर, ग्रामीण क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। वन दरोगा शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वन दरोगा ने मौके का निरीक्षण किया और चश्मदीद ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली। वन विभाग की टीम ने नदी और नाले के तटीय इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले पानी के पास न जाने और बच्चों को नदी-नालों से दूर रखने की अपील की है। वहीं, मगरमच्छ के इस हमले के बाद से नगरिया कॉलोनी और आसपास के इलाकों के किसानों में भारी दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi