​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष शैली अग्रवाल के नेतृत्व में आज व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव से मुलाकात की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने जनपद के व्यापारियों की स्थानीय समस्याओं के प्रभावी निराकरण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा।
​सौंपे गए ज्ञापन में अवगत कराया गया कि पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में प्रत्येक माह पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय व्यापारी-पुलिस गोष्ठी का आयोजन सफलतापूर्वक किया जाता है, जिसमें व्यापारिक समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा जाता है। परंतु, जनपद की विभिन्न तहसीलों और सुदूर क्षेत्रों से दूरी अधिक होने के कारण कई स्थानीय व्यापारी इस मासिक बैठक में भाग लेने से वंचित रह जाते हैं। इसी व्यावहारिक समस्या को देखते हुए व्यापार मंडल ने मांग की है कि जिला स्तर के साथ-साथ प्रत्येक माह इस पुलिस-व्यापारी गोष्ठी का आयोजन जनपद के सभी तहसील क्षेत्रों और संबंधित थानों में भी सुनिश्चित किया जाए।
​जिलाध्यक्ष शैली अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की इकाइयां सभी तहसीलों में निरंतर व्यापारी हित में सक्रिय हैं। यदि थाना स्तर पर थानाध्यक्षों की अध्यक्षता में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों के साथ नियमित संवाद बैठकों का आयोजन होगा, तो इससे जमीनी स्तर की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सकेगा। साथ ही, इससे व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ेगा और सुरक्षा का बेहतर माहौल तैयार होगा।
​इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष शैली अग्रवाल, नगर अध्यक्ष अलाउद्दीन अंसारी, जिला कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष हर्षित अग्निहोत्री, श्याम बाबू सर्राफ, रचित अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, दीपक गुप्ता एवं मोइन खान सहित कई गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi