रुद्रपुर। कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह ने पेट में पथरी के तीव्र दर्द के बावजूद अवैध शराब के खिलाफ अभियान का नेतृत्व किया। जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत ग्राम रायपुर में बड़ी कार्रवाई की गई।
आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र-1 रुद्रपुर और जनपदीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने ग्राम रायपुर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो जलती हुई भट्टियों से 80 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि नाले के किनारे संचालित भट्टियों में रखा 8,000 किलो लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए हैं।
कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही विकास रावत, संतोष लोहानी, दीपक दुबे तथा आबकारी सिपाही राखी भी शामिल रहे।