पीलीभीत। जनपद में देवहा नदी द्वारा बरसात के मौसम में कृषि भूमि और आबादी में किए जाने वाले कटान को रोकने के लिए क्रांतिकारी विचार मंच उत्तर प्रदेश के प्रांतीय संरक्षक देव स्वरूप पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि बाढ़ प्रभावित गांवों में अविलंब ठोकरें और पिचिंग बनवाने का कार्य शुरू किया जाए ताकि भविष्य में होने वाले नुकसान से बचा जा सके। तहसील सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेहरी, नावकूड़, सुस्वार, सैजना, प्यास और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ललौर, गुदरानपुर, रसूला व अहिरवाडा में पिछली बाढ़ के दौरान देवहा नदी ने भारी कटान किया था, जिससे बड़ी मात्रा में कृषि भूमि और आबादी प्रभावित हुई थी।
बाढ़ प्रभावित इन क्षेत्रों का पूर्व में भ्रमण कर चुके सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने अधिकारियों को ठोकरें बनवाने के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद भी बाढ़ खंड द्वारा कार्य प्रारंभ न किए जाने पर ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा पुनः व्यक्त की। किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री के निर्देश पर ही आज जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही बाढ़ खंड के अधिकारियों और उप जिलाधिकारियों को प्रभावित गांवों का तत्काल भ्रमण कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर नत्थूलाल, भानु प्रताप, राजरानी, रुचि गंगवार, बनवारी लाल, जयवीर सिंह, छेदालाल, श्याम लाल, चेतराम, करण सिंह और वंदना सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पीलीभीत और उत्तर प्रदेश की हर महत्वपूर्ण खबर और अपडेट के लिए जुड़े रहें न्यूज़ पोर्टल तथा पेज ‘आधुनिक दुनिया’ [Adhunik Duniya] के साथ।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )